
सपेरे के सांप ने कांवड़िए को डसा (IMG: Dynamite News)
Sitapur: सावन के पहले सोमवार को सीतापुर के प्रसिद्ध जंगलीनाथ मंदिर में आस्था के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। जलाभिषेक कर बाहर निकले एक कांवड़िए ने मंदिर के बाहर बैठे सपेरे के सांप को हाथ में लेने की कोशिश की, लेकिन अगले ही पल सांप ने उसे डस लिया। देखते ही देखते युवक की हालत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। कोतवाली देहात क्षेत्र के कृष्णपुरी निवासी शुभम मिश्रा उर्फ छोटू नैमिषारण्य से गंगाजल लेकर जंगलीनाथ मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम सांप को करीब से देखने और हाथ में लेकर फोटो खिंचवाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने उनके हाथ पर डस लिया। सांप के काटते ही युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के बाद मंदिर परिसर के बाहर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और चिकित्सक उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सावन के पहले सोमवार को जंगलीनाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान हुई इस घटना ने मंदिर के बाहर बैठे सपेरों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही धार्मिक स्थलों के बाहर इस तरह के जोखिम भरे प्रदर्शनों पर रोक लगाने की भी मांग उठ रही है।
Location : Sitapur
Published : 3 August 2026, 7:57 PM IST