नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, 11 लाख की खेप के साथ तीन गिरफ्तार

प्रशासन ने नेपाल सीमा के पास नशीली दवाओं के काले कारोबार पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। एसएसबी, ड्रग विभाग और हर्रैया पुलिस के 12 घंटे लंबे जॉइंट ऑपरेशन में 11.47 लाख रुपये की प्रतिबंधित दवाएं जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 April 2026, 7:31 PM IST
बलरामपुर: भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक संयुक्त छापेमारी अभियान में एसएसबी और पुलिस की टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं की खेप बरामद करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को दबोच लिया है। पकड़ी गई दवाओं की बाजार में कीमत करीब 11.50 लाख रुपये आंकी गई है।
क्या है पूरी खबर?

यह कार्रवाई महज कुछ घंटों की छापेमारी नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित घेराबंदी थी। एसएसबी की 9वीं बटालियन, ड्रग इंस्पेक्टर सुमीत वर्मा और हर्रैया पुलिस की टीम ने बुधवार दोपहर 3 बजे महादेव बांकी और खरवन बांध क्षेत्र में जाल बिछाया। यह ऑपरेशन लगातार 12 घंटे तक चला और गुरुवार तड़के 3 बजे जाकर समाप्त हुआ।
तलाशी लेने पर प्रशासन के होश उड़े

मुखबिर की सूचना पर टीम ने एक महिंद्रा पिकअप लोडर को रोका। वाहन की सघन तलाशी लेने पर प्रशासन के होश उड़ गए। वाहन में कुल 35 बॉक्स नशीली दवाएं लदी थीं। इनमें भारी मात्रा में अल्प्राजोलाम, ट्रामाडोल और कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी दवाएं शामिल थीं, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है। प्रशासन ने मौके से 5 दवाओं के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है।
इन दवाओं की सप्लाई का मुख्य स्रोत
मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव और चालक कपिल जायसवाल के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि यह खेप नेपाल सीमा के रास्ते तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन दवाओं की सप्लाई का मुख्य स्रोत क्या है और सीमा पार इसके खरीदार कौन हैं।
अवैध कारोबार को पूरी तरह जड़ से खत्म

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध दवाओं की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए निगरानी और सख्त कर दी गई है। सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा ताकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार को पूरी तरह जड़ से खत्म किया जा सके।

Location :  Balrampur

Published :  16 April 2026, 7:31 PM IST