हिंदी
सड़क निर्माण में गड़बड़ी
Deoria : नगर क्षेत्र के मलहटोली वार्ड में चल रहे सड़क और नाली निर्माण कार्य को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता मानकों की खुली अनदेखी का आरोप लगाया है। मामला शिकायत के बाद और ज्यादा गरमा गया, जब वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उन्हें दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ा। पूरे मोहल्ले में इस घटना को लेकर तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब है और काम में भारी लापरवाही बरती जा रही है। इसी को लेकर वार्ड के कई लोगों ने मिलकर रुद्रपुर के ईओ से लिखित शिकायत की थी। लेकिन आरोप है कि शिकायत के बाद संबंधित अधिकारी ने शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर ठेकेदार को उपलब्ध करा दिए। जिसके बाद पूरा मामला और विवादित हो गया।
वार्डवासियों का आरोप है कि नंबर मिलने के बाद ठेकेदार ने शिकायत करने वाले लोगों को फोन पर धमकाया और उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जो लोग सरकारी काम में गड़बड़ी का विरोध कर रहे हैं, उन्हें ही डराया जा रहा है। यह बेहद गंभीर मामला है।
देवरिया विकास भवन में पंचायत मित्रों का हल्लाबोल, मांगें पूरी न होने पर लखनऊ घेराव की चेतावनी
घटना के बाद मलहटोली वार्ड के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जांच नहीं हुई तो सरकारी धन का दुरुपयोग खुलेआम होता रहेगा और सड़क-नाली निर्माण केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। शिकायतकर्ताओं में मनीष पांडे, ओम प्रकाश शुक्ला, राजू शुक्ला, पप्पू शुक्ला और राममिलन सहित दर्जनों लोग शामिल हैं।
Location : Deoria
Published : 16 June 2026, 2:44 AM IST