
नगर निगम लखनऊ (IMG: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में नगर निगम और नगर निकाय से जुड़े काम अब पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान होने वाले हैं। प्रदेश सरकार नागरिकों को डिजिटल सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। जल्द ही एकीकृत 'ई-नगर सेवा पोर्टल' शुरू होगा, जिसके जरिए लोग घर बैठे प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकेंगे, संपत्ति का दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) करा सकेंगे और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन भी कर सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक यह सुविधा अगले 45 दिनों के भीतर शुरू होने की संभावना है।
नगर निकाय विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे इस पोर्टल का मकसद नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अब नगर निगम से जुड़े कई जरूरी काम एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पूरे किए जा सकेंगे।
ई-नगर सेवा पोर्टल शुरू होने के बाद लोग ऑनलाइन अपने मकान, दुकान या अन्य संपत्तियों का प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। ऑनलाइन भुगतान के साथ रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा।
टोल चुकाया और फुर्र… लखनऊ से कानपुर जाना हुआ आसान, 3 घंटे का सफर अब 35 मिनट में होगा पूरा
संपत्ति खरीदने या विरासत में मिलने के बाद दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने की प्रक्रिया भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध होगी। इससे लोगों का समय बचेगा और प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी बनेगी।
नगर निगम लखनऊ के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह के अनुसार, ई-नगर सेवा पोर्टल पर संपत्तियों का रिकॉर्ड तेजी से अपलोड किया जा रहा है। अब तक 7 लाख 68 हजार 789 संपत्तियों का डेटा पोर्टल पर दर्ज किया जा चुका है। शेष लगभग 41 हजार संपत्तियों का रिकॉर्ड भी जल्द अपलोड कर दिया जाएगा।
सरकार इस पोर्टल को वन विंडो क्लियरेंस सिस्टम के रूप में विकसित कर रही है। इसके तहत भविष्य में कई अन्य सुविधाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इनमें ट्रेड लाइसेंस, पानी का नया कनेक्शन, सीवेज कनेक्शन, खाद्य एनओसी, फायर एनओसी और ट्यूबवेल लगाने के लिए एनओसी जैसी सेवाएं शामिल होंगी।
पति और दो बेटों को खोया, अब बहुओं ने छीनी छत, लखनऊ में बुजुर्ग मां पर टूटा दुखों का पहाड़
ई-नगर सेवा पोर्टल के जरिए नागरिक जन्म प्रमाणपत्र और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और प्रमाणपत्र मिलने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ई-नगर सेवा पोर्टल का लिंक उपलब्ध रहेगा। वहां से नागरिक सीधे पोर्टल पर जाकर अपनी जरूरत के अनुसार सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
Location : Lucknow
Published : 4 August 2026, 2:18 PM IST