बरेली पुलिस में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही और गंभीर आरोपों पर तीन दरोगा नपे

बरेली में पुलिस विभाग के भीतर लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसएसपी Anurag Arya का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़ने, युवक को अवैध हिरासत में लेकर वसूली करने और महिला शिकायत में कार्रवाई न करने जैसे गंभीर मामलों में तीन दरोगाओं पर गाज गिरी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 May 2026, 3:51 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली एसएसपी Anurag Arya ने पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने के लिए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तीन उप निरीक्षकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन, अवैध हिरासत, वसूली और महिला प्रकरण में लापरवाही जैसे गंभीर आरोप सामने आने पर संबंधित दरोगाओं को लाइन हाजिर, निलंबित और विभागीय जांच के दायरे में लाया गया है।

इंस्टाग्राम पोस्ट पड़ा भारी, दरोगा लाइन हाजिर

पहला मामला सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन से जुड़ा है। पुलिस विभाग को जानकारी मिली कि इंस्टाग्राम आईडी “si_shubh_thakur” से विभागीय नियमों के विपरीत पोस्ट साझा की गई थी। जांच में यह आईडी थाना फरीदपुर में तैनात उप निरीक्षक Shubham Som की पाई गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

युवक को हिरासत में पीटने और वसूली का आरोप

दूसरा मामला Premnagar थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां तैनात उप निरीक्षक Shubham Chaudhary पर एक युवक ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता राहुल शंखधार निवासी भमोरा ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उसे अवैध रूप से हिरासत में रखा, मारपीट की और 50 हजार रुपये लेने के बाद सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाकर छोड़ा। मामला सामने आते ही एसएसपी ने इसे बेहद संवेदनशील मानते हुए शुभम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।

महिला प्रकरण में लापरवाही पर निलंबन

तीसरा मामला महिला संबंधी शिकायत में लापरवाही से जुड़ा है। रिठौरा चौकी क्षेत्र में एक महिला ने शादी समारोह के दौरान मोबाइल तोड़ने, छेड़खानी और पीछा करने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच Hafizganj थाने में तैनात उप निरीक्षक Chandrapal Singh को सौंपी गई थी।

आरोप है कि उन्होंने शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी नहीं की। पीड़िता को न्याय के लिए उच्चाधिकारियों तक पहुंचना पड़ा। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने चन्द्रपाल सिंह को भी तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी है।

एसएसपी बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

Anurag Arya ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, संवेदनशील मामलों में उदासीनता और कर्तव्यों में लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Location :  Bareilly

Published :  25 May 2026, 3:51 PM IST

Advertisement