यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा: बिहार जा रही बस पलटी, अंदर फंसे यात्रियों को ऐसे निकाला…

मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया, जब नोएडा से बिहार जा रही स्लीपर बस पलट गई। बस में सवार 70 यात्रियों में से 40 घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर है। राहत-बचाव में पुलिस और ग्रामीण जुटे, जबकि चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 13 April 2026, 3:54 AM IST
google-preferred

Mathura: उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही स्लीपर कोच बस माइल स्टोन 76 के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश मजदूर बताए जा रहे हैं। शाम करीब साढ़े सात बजे हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और चालक संतुलन खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई।

कुछ यात्रियों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और बोतल में भरकर शराब पी रहा था। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

बस में फंसे यात्री, शीशे तोड़कर निकाले गए बाहर

हादसा होते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। यात्री सीटों और स्लीपर बर्थ के बीच फंस गए, जबकि कई लोगों के ऊपर सामान गिर गया। बच्चों और महिलाओं की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

बदायूं में दर्दनाक हादसा: गंगा में नहाने गए 3 बच्चे डूबे, एक का शव मिला और… पढ़ें पूरी खबर

ग्रामीणों ने तुरंत यूपी डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

करीब छह एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को नौहझील व आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में 40 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जो दर्द से कराहते नजर आए।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए, जिससे संदेह और गहरा गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। चालक के शराब पीने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Gorakhpur Crime: ट्रैक्टर खड़ा रहा… ट्रॉली और ईंटें लेकर चोर फरार, जानें क्या है पूरा मामला

पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर करीब एक घंटे में यातायात बहाल कराया। इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया था। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ड्राइवरों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की मानें तो अगर चालक सावधानी बरतता, तो यह हादसा टल सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Location :  Mathura

Published :  13 April 2026, 3:54 AM IST

Related News

Advertisement