हिंदी
महराजगंज में भीषण हादसा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ठूठीबारी मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हनुमानगंज गांव के पास सवारियों से भरी एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरगदवा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी कुछ लोग ऑटो से ठूठीबारी होते हुए निचलौल जा रहे थे। जैसे ही ऑटो हनुमानगंज के पास पहुंची, अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। इस हादसे में हुस्नतहरुन निशा (50), समीर खान (4), नरगिश (25), वकीला (52) सहित कुल आठ लोग घायल हो गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. उमेश चंद ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि हुस्नतहरुन निशा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में ही जारी है।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Location : Maharajganj
Published : 8 April 2026, 5:23 PM IST