
मृतक महिला (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: जनपद मैनपुरी से एक घटना सामने आई है, जहाँ एक निजी क्लिनिक में कथित तौर पर गलत उपचार के चलते एक 30 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भांवत चौराहा स्थित एक क्लिनिक की है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने क्लिनिक पर जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका रजनी (30 वर्ष), पत्नी सुधीश, को पिछले कुछ दिनों से बुखार की शिकायत थी। वह दवा लेने के लिए भांवत चौराहा स्थित क्लिनिक पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने उपचार के दौरान महिला को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद रजनी की हालत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया।
रजनी की मौत की खबर फैलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने क्लिनिक परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि रजनी की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व जनपद फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के जायमई गांव में हुई थी। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनका अपनी मां की मौत के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर उचित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 26 April 2026, 3:15 PM IST