
सेना के जवान प्रवीन यादव (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: जनपद मैनपुरी के ग्राम नगला बृजा, पोस्ट गंगासी, तहसील मैनपुरी निवासी भारतीय सेना के जवान ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। जवान वर्तमान में श्रीनगर बॉर्डर पर तैनात हैं और देश सेवा में जुटे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना के जवान प्रवीन यादव ने जिलाधिकारी मैनपुरी को एक शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में उन्होंने बताया कि उनकी पैतृक भूमि ग्राम गरवाई, तहसील एवं जनपद मैनपुरी में स्थित है। आरोप है कि इस भूमि पर सर्ववीर पुत्र जगवीर द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है।
प्रवीन यादव का कहना है कि उक्त भूमि पर उनका वैधानिक अधिकार है, इसके बावजूद कब्जाधारी द्वारा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा बनाए रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कारण उन्हें और उनके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। जवान ने यह भी कहा कि सेना में तैनाती के कारण वे मौके पर उपस्थित होकर स्थिति को संभाल नहीं पा रहे हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब उन्होंने कब्जे का विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी गईं। जवान का कहना है कि इस विवाद के चलते उन्हें मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, ड्यूटी के दौरान उन्हें अपने परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
Mainpuri : फर्जी दस्तावेजों के सहारे किसान को बनाया भूमिहीन, अब इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा परिवार
सेना के जवान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उनकी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की अपील की है। उनका कहना है कि उन्हें न्याय मिलना आवश्यक है ताकि वे निश्चिंत होकर अपनी सेवा जारी रख सकें।
जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जांच प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 22 June 2026, 11:55 AM IST