मैनपुरी में प्रशासन ने अवैध पेट्रोल पंप संचालन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुरावली थाना क्षेत्र में चल रहे एक अवैध पेट्रोल पंप को सीज कर दिया। संयुक्त छापेमारी में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

थाना कुरावली पुलिस की संयुक्त टीम
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी में अवैध पेट्रोल पंप संचालन और मिलावटी ईंधन के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 फरवरी 2026 को पूर्ति विभाग मैनपुरी, एसटीएफ गौतमबुद्धनगर और थाना कुरावली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में चल रहे अवैध पेट्रोल पंप को सीज किए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा बायो डीजल के लिए कुछ कंपनियों को अधिकृत किया गया था। आरोपियों ने केवल रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन पेट्रोल पंप संचालन के लिए आवश्यक एनओसी और वैधानिक अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर पेट्रोल पंप का संचालन शुरू कर दिया गया। इतना ही नहीं, पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और सुरक्षा से जुड़ी कोई वैध व्यवस्था मौके पर नहीं पाई गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई थी।
प्रशासनिक जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी केमिकल विक्रेताओं से मिलावटी तरीके से तैयार तेल खरीदकर उसे पेट्रोलियम तेल के रूप में बेच रहे थे। ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते दामों पर यह ईंधन बेचा जा रहा था, जिससे स्थानीय लोगों के वाहनों को भारी नुकसान पहुंच रहा था।
UGC Row: अपना दल की विधायक पुलिस की हिरासत में, जानें क्या है पूरा मामला
शिकायत मिलने के बाद जिला आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ग्राम सलेमपुर में छापा मारा और अवैध रूप से संचालित पेट्रोल पंप को तत्काल सीज कर दिया। मौके से राधेश्याम पुत्र वासुदेव सिंह, निवासी जलेसर रोड फिरोजाबाद, और अंकित यादव पुत्र सत्येंद्र सिंह यादव, निवासी ग्राम सलेमपुर, थाना कुरावली को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में जिला आपूर्ति अधिकारी जाकिर हुसैन, पूर्ति निरीक्षक अदिति चौहान, प्रभारी निरीक्षक कुरावली ललित भाटी, एसटीएफ निरीक्षक सचिन कुमार समेत पूर्ति विभाग और पुलिस की टीम शामिल रही।
यूट्यूबर नितीश राजपूत पर 2.5 करोड़ रुपये का मानहानि केस, कंपनी ने लगाया छवि करने का आरोप
अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध पेट्रोल पंप संचालन और मिलावटी ईंधन के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम जनता की सुरक्षा और वाहनों को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।