Mainpuri: रात के अंधेरे में चल रहा था ‘मिट्टी का खेल’! वायरल VIDEO ने मैनपुरी प्रशासन में मचा दी हलचल

मैनपुरी के कुचेला गांव से सामने आए एक वायरल वीडियो ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। रात के अंधेरे में चल रहे कथित अवैध मिट्टी खनन की तस्वीरें अब बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। आखिर किसके संरक्षण में चल रहा था यह खेल?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 May 2026, 3:18 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी जनपद में अवैध मिट्टी खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दन्नाहार थाना क्षेत्र के कुचेला गांव से सामने आए एक वायरल वीडियो ने प्रशासनिक तंत्र की कार्यशैली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में रात के अंधेरे में जेसीबी मशीनों से बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन होता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

रात में चलता था खनन का खेल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के समय अवैध खनन का कारोबार संचालित किया जा रहा था। खनन माफिया जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से खेतों से मिट्टी निकालकर बड़े स्तर पर सप्लाई कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा खेल बिना किसी वैध अनुमति के चल रहा था, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए थे।

Bijnor: 75 की दुल्हन, 80 का दूल्हा… शादी के एक साल बाद ऐसा क्या हुआ अचानक ले लिया तलाक?

ग्रामीणों के मुताबिक अवैध खनन के कारण गांव के रास्ते खराब हो रहे हैं और कई खेतों को भी नुकसान पहुंचा है। लगातार भारी वाहनों के आवागमन से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया प्रशासन

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का खनन पूरी तरह अवैध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Prayagraj: दबंगों ने जमीन पर किया कब्जा, इंसाफ न मिलने पर युवती टावर पर चढ़ी

उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और ऐसी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

खनन माफियाओं की पहचान में जुटा प्रशासन

प्रशासन अब वायरल वीडियो की जांच कर रहा है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस और खनन विभाग की टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान होते ही कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी शिकायत मिलेगी वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  11 May 2026, 3:18 PM IST