Mainpuri: बहन ने की अपने ही सगे भाई की हत्या

मैनपुरी में सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। एक बहन पर अपने ही भाई की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है, लेकिन इस कहानी में ऐसा मोड़ आता है जिसने पूरी घटना को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 April 2026, 3:55 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की बुनियाद को ही सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। थाना किशनी क्षेत्र के कुसमरा में हुए हत्याकांड का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस वारदात में एक बहन ने अपने ही सगे भाई की हत्या अपने प्रेमी के साथ मिलकर कराई, जिसका सच सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

गुमशुदगी से शुरू हुई कहानी

गौरतलब है कि 8 अप्रैल 2026 को पूजा पत्नी दिलीप दुबे ने अपने भाई करन मिश्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना किशनी में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू की। कुछ ही समय बाद धरमंगदपुर मोड़ के पास झाड़ियों में करन मिश्रा का शव बरामद हुआ, जिससे मामला हत्या में बदल गया।

प्रेम संबंध मौत की वजह

जांच में सामने आया कि पूजा का पिछले दो वर्षों से जीतू उर्फ जितेंद्र सिसोदिया के साथ प्रेम संबंध था। 7 अप्रैल की रात जीतू चोरी-छिपे पूजा से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान करन मिश्रा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और इसका विरोध किया। यही विरोध उसकी मौत का कारण बन गया।

अवैध संबंधों की आंच में जली रिश्तों की डोर, बहन ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश

पहले गोली मारी, फिर दोबारा की हत्या की पुष्टि

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी जीतू ने करन को पीछे से गोली मार दी। इसके बाद पूजा और जीतू ने मिलकर शव को बाइक से ले जाकर झाड़ियों में छिपा दिया। लेकिन जब उन्हें शक हुआ कि करन अभी जीवित हो सकता है, तो दोनों ने उसके सिर में एक और गोली मार दी। इसके बाद पूजा ने गुमशुदगी का नाटक रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

पुलिस को ऐसे मिली अहम कड़ी

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब मृतक का भांजा जो घटना के समय घर में मौजूद था, उसने पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी। उसकी गवाही ने केस सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

मोहब्बत में सबकुछ जायज: प्रेमी गया जेल तो प्रेमिका ने किया ऐसा कांड, पुलिस वाले भी हाथ जोड़ते नजर आए

8 घंटे में हुई गिरफ्तारी

एसपी मैनपुरी के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस, खून से सने कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

मृतक के भाई की तहरीर पर थाना किशनी में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Location :  Mainpuri

Published :  9 April 2026, 3:55 PM IST