
बारिश के बाद भरा पानी
Maharajganj: महराजगंज के कोल्हुई कस्बे की सोनारी गली में हुई बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोलकर रख दी है। बारिश के बाद गली की सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोनारी गली में रहने वाले दर्जनों परिवारों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने, बुजुर्गों को जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकलने और महिलाओं को दैनिक कामकाज में परेशानी उठानी पड़ रही है। कीचड़ भरे रास्ते पर फिसलने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोग भय के माहौल में आवागमन करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल यही समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इस मामले में सोनारी गली निवासी रफ़ी, अकरम, शाहआलम, लाल जी समेत कई लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात बढ़ने के साथ हालात और गंभीर हो जाएंगे।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
Location : Maharajganj
Published : 31 May 2026, 5:10 PM IST
Topics : Maharajganj Rain Road construction UP News Waterlogging