
रामपुर खुर्द में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा पर जूता-चप्पल की माला चढ़ाने का आरोप
Maharajganj: जनपद के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा रामपुर खुर्द में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान का मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर जूता-चप्पल की माला पहनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
घटना उस समय सामने आई जब गांव के लोगों ने प्रतिमा की स्थिति देखी। प्रतिमा के साथ हुई इस कथित अभद्रता से ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती अभी हाल ही में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई थी और उसके तुरंत बाद इस तरह की हरकत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा तत्काल थाना कोठीभार के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी निचलौल को अवगत कराया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ग्राम प्रधान की ओर से गांव के लोगों के सहयोग से थाना कोठीभार में एक लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया गया है, जिसमें कई लोगों के नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और उसे थाने बुलाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने गांव में लोगों को शांत रहने की अपील की है और कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Maharajganj News: सोनौली हाईवे पर कस्टम टीम का बड़ा ऑपरेशन, सरकारी बसों तक को… पढ़ें पूरी खबर
फिलहाल गांव में पुलिस की नजर बनी हुई है और माहौल को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 16 April 2026, 1:07 PM IST