रातभर गूंजती रहीं दहाड़ें… सुबह खेत के पास मिला तेंदुए का शव, आखिर क्या हुआ जंगल के ‘शिकारी’ के साथ?

महराजगंज के सोहगी बरवा वन्यजीव प्रभाग में एक नर तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने रातभर तेंदुओं की दहाड़ें सुनने की बात कही है। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 9:40 AM IST

Maharajganjl: सोहगी बरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत निचलौल रेंज के ग्राम सभा मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक नर तेंदुए का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल तेंदुए की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सुबह नित्यक्रिया के दौरान महिलाओं ने देखा शव

जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के गांव की कुछ महिलाएं नित्यक्रिया के लिए गांव के पश्चिम दिशा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर उन्हें एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने सुनाई रातभर दहाड़ने की बात

ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार रात गांव के आसपास लगातार तेंदुओं की दहाड़ें सुनाई दे रही थीं। लोगों का अनुमान है कि रात में दो या अधिक तेंदुओं के बीच संघर्ष हुआ होगा, जिसके चलते एक नर तेंदुए की मौत हो गई। हालांकि इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ ग्रामीणों ने आसपास किसी मादा तेंदुए और उसके शावकों की मौजूदगी की भी आशंका जताई है, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।

राम मंदिर में अब परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर: चढ़ावा चोरी विवाद के बाद 360 डिग्री कैमरों से निगरानी, बनाई गई 8 सदस्यीय टीम

वन विभाग ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। वन विभाग ने तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी है।

महंगाई के मोर्चे पर राहत: कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹200 से अधिक सस्ता, जानें दिल्ली-कोलकाता में नई दरें

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की मौत के कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत आपसी संघर्ष, बीमारी, विषाक्त पदार्थ या किसी अन्य वजह से हुई है। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

Location :  Maharajganj

Published :  1 August 2026, 9:40 AM IST