
पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: नगर पालिका परिषद सिसवा के वार्ड संख्या-25, मीराबाई नगर स्थित करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर में डूबकर तीन किशोरों की मौत के बाद सोमवार को पूरा सिसवा शोक में डूबा रहा। खेखड़ा घाट पर भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों दोस्तों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ तीन चिताओं के जलने का दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा रहा और बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।
इस दौरान पूर्व मंत्री एवं सिसवा विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी सुशील कुमार टिबड़ेवाल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। पूर्व मंत्री ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
Maharajganj: अमरूद तोड़ने से शुरू हुआ विवाद, फिर जो हुआ उसने पूरे गांव को हिला दिया
पत्रकारों से भी बातचीत में सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने निर्माणाधीन अमृत सरोवर में हुई इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख जताते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए होते और कार्य में लापरवाही नहीं बरती गई होती, तो शायद तीन मासूमों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
पूर्व मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर जताया शोक (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
पूर्व मंत्री खेखड़ा घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। उनके साथ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, प्रमोद शर्मा, प्रवीण सिंह, राकेश कुमार रिंकू, शैलेश अग्रवाल, अमरनाथ यादव, हीरा लाल ज़ख्मी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि रविवार दोपहर करीब एक बजे मीराबाई नगर के पोखरा टोला निवासी चार दोस्त निर्माणाधीन तालाब में नहाने गए थे। इनमें राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (12) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन और कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार शामिल थे। नहाने के दौरान रोहन, नीतीश और कृष्णा गहरे पानी में धंसने लगे।
Maharajganj News: पोखरे में डूबे बच्चों के घर पहुंचे DM-SP, 4 लाख सहायता का ऐलान
तीनों दोस्तों को डूबता देख राजबीर ने साहस दिखाते हुए तैरकर बाहर निकलने में सफलता पाई। उसने रस्सी के सहारे अपने दोस्तों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
मृतकों में नीतीश कक्षा छह, रोहन कक्षा सात और कृष्णा कक्षा नौ का छात्र था। कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके पिता सब्जी का व्यवसाय करते हैं। रोहन भी अपने परिवार का इकलौता पुत्र था, जबकि उसके पिता मेडिकल स्टोर पर काम करते हैं। नीतीश के पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है, जबकि पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Maharajganj
Published : 3 August 2026, 11:25 AM IST
Topics : Amrit Sarovar Accident Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Siswa news Sushil Tibrewal Three Boys Drowned