
मौके पर SDM की गाड़ी (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज शहर में मंगलवार को एक सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। स्टेडियम की तरफ से आ रही एसडीएम की बोलेरो नियो और एक बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए एसडीएम के चालक ने जो कदम उठाया, उससे युवक को तत्काल इलाज मिल सका।
मिली जानकारी के मुताबिक, नगर क्षेत्र में मंगलवार को श्याम यादव अपनी प्लेटिना बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान स्टेडियम की तरफ से उपजिलाधिकारी की बोलेरो नियो गाड़ी आ रही थी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर एक अन्य गाड़ी भी मौजूद थी। इसी बीच दोनों गाड़ियों के बीच से निकलने के दौरान श्याम यादव की बाइक की बोलेरो नियो से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में घायल युवक की पहचान श्याम यादव पुत्र बैजनाथ यादव के रूप में हुई है। वह नगरपालिका परिषद महराजगंज के गांधी नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की हालत को देखते हुए लोगों ने उसे जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की पहल की।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एसडीएम के चालक से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की अपील की। इसके बाद चालक ने श्याम यादव को बोलेरो नियो में बैठाया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें- सात फेरे, वैदिक मंत्रोच्चार और समंदर पार का प्यार, इटली के जोड़े ने क्यों चुना भारतीय सनातन विवाह का रास्ता?
इस मामले में एसडीएम ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल युवक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Location : Maharajganj
Published : 3 November 2026, 9:59 PM IST