
फरेंदा में छत का प्लास्टर गिरा (Img: Dynamite News)
Maharajganj: नियामतपुर निवासी शत्रुघ्न की पत्नी पूजा मंगलवार रात अपने नौ माह के बेटे आयुष के साथ कमरे में सो रही थी। रात करीब तीन बजे अचानक छत का जर्जर प्लास्टर ईंट के टुकड़ों के साथ भरभराकर सीधे उनके ऊपर गिर पड़ा।
धमाके जैसी तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत दौड़कर कमरे में पहुंचे। कमरे में मलबा बिखरा पड़ा था और पूजा व मासूम आयुष चोटिल होकर दर्द से कराह रहे थे।
छत का प्लास्टर गिरा (Img: Dynamite News)
परिजन दोनों को तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और समय पर इलाज मिलने से दोनों की स्थिति में सुधार आ गया।
डॉक्टरों द्वारा स्थिति को खतरे से बाहर बताने पर परिजनों ने राहत की सांस ली, जिसके बाद दोनों को घर वापस ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शत्रुघ्न के घर पहुंचे और परिजनों का हाल जाना।
यह भी पढ़ें: Maharajganj News: आधी रात वन स्टॉप सेंटर से कैसे निकल गई नाबालिग? घटना के बाद DM-SP ने खुद परखी सुरक्षा व्यवस्था
जिला पंचायत सदस्य परमानंद तिवारी ने बताया कि घटना बेहद गंभीर थी, लेकिन गनीमत रही कि पूरी छत नहीं ढही, वरना भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने व जर्जर मकानों की छतों की समय-समय पर मरम्मत और जांच कराना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचा जा सके। फिलहाल दोनों मां-बेटा पूरी तरह सुरक्षित हैं।
Location : Maharajganj
Published : 19 August 2026, 4:30 PM IST