PWD और ठेकेदार की लापरवाही ने सड़क को बनाया मौत का जाल, बेलवा घाट की सड़क धंसने से हादसों का सिलसिला जारी

महराजगंज के सोनबरसा में बेलवा घाट चौराहे पर सड़क करीब एक साल से धंसी हुई है। रात में आवाजाही के लिये यह और खतरनाक हो जाती है। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बावजूद PWD और ठेकेदार ने मरम्मत नहीं कराई। हादसों का खतरा बना हुआ है।

Maharajganj: जनपद के ग्राम सभा सोनबरसा स्थित बेलवा घाट चौराहे पर सड़क का एक हिस्सा लगभग एक साल से धंसा हुआ है। यह सड़क बारवा से बेलवा घाट जाने वाले मार्ग पर स्थित है और स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि धंसा हुआ हिस्सा अब लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क दूर से सामान्य दिखाई देती है, लेकिन जैसे ही वाहन चालक पास पहुंचते हैं, लगभग एक फीट तक सड़क का धंसा हिस्सा अचानक सामने आता है। इससे बाइक सवार और छोटे वाहन चालक संतुलन खो देते हैं और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां लगभग हर सप्ताह छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।

Maharajganj: पेट्रोल-डीजल के बाद अब खाद के लिए लाइन? कोल्हुई में किसान परेशान

मरम्मत में ढील: विभाग और ठेकेदार पर आरोप

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतों में सड़क के धंसने और दुर्घटनाओं की आशंका का जिक्र किया गया था, लेकिन लोक निर्माण विभाग (PWD) और संबंधित ठेकेदार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से बच रहे हैं। लोगों ने बताया कि विभाग और ठेकेदार केवल आश्वासन देते रहे हैं, लेकिन मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ।

रात में बढ़ जाता है खतरा

सड़क की स्थिति रात के समय और भी अधिक खतरनाक हो जाती है। अंधेरे में धंसा हुआ हिस्सा साफ दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन सीधे गड्ढे में उतर जाते हैं। कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Maharajganj News: सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा बढ़ी! SP शक्ति मोहन अवस्थी ने जारी किए सख्त निर्देश

प्रशासन से की गई मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि PWD विभाग और संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय की जाए और सड़क की मरम्मत तुरंत की जाए। उनका कहना है कि इतनी लापरवाही और लंबे समय तक मरम्मत न होने से इलाके में सुरक्षा का बड़ा संकट उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों ने कहा, "सड़क पर हर दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। विभाग और ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्यवाही करनी चाहिए, अन्यथा किसी बड़े हादसे की घटना किसी भी समय हो सकती है।"

Location :  Maharajganj

Published :  20 May 2026, 12:11 PM IST

Advertisement