
फरार आरोपी को खोजती पुलिस
Maharajganj: महराजगंज जनपद में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामलों में नामजद आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी को न्यायालय में रिमांड के लिए ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने में सफलता हासिल कर ली।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र की है। यहां दर्ज मुकदमा संख्या 354/2025 के तहत आरोपी किशन साहनी (22 वर्ष), निवासी कुन्दुर, थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर, पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, 5/6 पॉक्सो एक्ट और 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत गंभीर आरोप हैं। आरोपी को रिमांड के लिए फरेन्दा न्यायालय में पेश किया जाना था।
ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा और होमगार्ड नंदकिशोर उसे निजी मोटरसाइकिल से न्यायालय ले जा रहे थे। न्यायालय में अवकाश होने के कारण टीम रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी के लिए रवाना हुई थी।
गोरखपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस के अनुसार फरेन्दा रोड पर बुलेट एजेंसी चौपरिया के पास पहुंचने पर आरोपी ने पेशाब करने की बात कहकर वाहन रुकवाया। पुलिसकर्मियों ने मानवाधिकार और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी की और आरोपी को नीचे उतारा।
इसी दौरान आरोपी ने अचानक हाथ छुड़ाकर हेड कांस्टेबल को जोरदार धक्का दिया और सड़क किनारे खेतों की ओर भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा किया, लेकिन खेतों में खड़ी फसल और झाड़ियों का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया।
कन्नौज पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाजपा पर किया तीखा हमला; दिया ये बड़ा बयान
घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। कोतवाली पुलिस समेत अन्य टीमों ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग अभियान चलाया। आसपास के इलाकों में सघन तलाशी ली गई, लेकिन देर रात तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जिले की सीमाओं पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए हेड कांस्टेबल और होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 1 March 2026, 8:57 AM IST