पंचायत भवन में निकला विशाल अजगर, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी; वन्यजीव रक्षक टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

महाराजगंज के बेलवा गांव में पंचायत भवन के अंदर अचानक एक विशाल अजगर दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और हर कोई दूरी बनाकर खड़ा रहा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 6:00 PM IST

Maharajganj: ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलवा स्थित पंचायत भवन में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब वहां एक विशाल और मोटा अजगर सांप दिखाई दिया। पंचायत भवन के आसपास मौजूद लोगों की नजर जैसे ही अजगर पर पड़ी, वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग सुरक्षित दूरी बनाकर अजगर को देखते रहे, जबकि कई ग्रामीणों ने बच्चों और महिलाओं को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी।

वन्यजीव रक्षक टीम को दी गई सूचना

ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए अजगर को नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं किया और तत्काल इसकी सूचना वन्यजीव रक्षक टीम को दी। सूचना मिलते ही वन्यजीव रक्षक टीम के सदस्य रामबचन साहनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

ये भी पढ़ें- महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर, इलाज कराकर लौट रही 3 साल की मासूम को बाइक ने रौंदा; चालक फरार

अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने विशेष सतर्कता बरती ताकि न तो सांप को कोई नुकसान पहुंचे और न ही आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा पर कोई खतरा आए। सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन्यजीव रक्षक टीम की सराहना की।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर DM सख्त, डॉक्टरों-बीसीपीएम को नोटिस; मानदेय रोकने के दिए आदेश

जंगल में छोड़ा गया अजगर

वन्यजीव रक्षक टीम के सदस्य रामबचन साहनी ने बताया कि रेस्क्यू किए गए अजगर को सुरक्षित वाहन के माध्यम से वन्यजीव प्रभाग मधवलिया रेंज के जंगल में ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर जलभराव और भोजन की तलाश में अजगर सहित अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। ऐसे समय में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या वन्यजीव रक्षक टीम को सूचना देना सबसे सुरक्षित और सही कदम होता है।

Location :  Maharajganj

Published :  28 July 2026, 6:00 PM IST