
शादी वाले घर में चोरी
महराजगंज: जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला पिपरा सोहट गांव का है, जहां शादी की तैयारियों में जुटे एक परिवार के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। बुधवार देर रात बेखौफ चोर घर में घुस गए और शादी के लिए जुटाए गए जरूरी सामान को समेटकर फरार हो गए।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अनीता प्रजापति के परिवार में 8 मार्च को उनकी बहन की शादी तय है। शादी को लेकर घर में कई दिनों से जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। परिवार ने शादी में इस्तेमाल होने वाले रसोई के बर्तन, चावल की बोरी, गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी घरेलू सामान पहले ही खरीदकर घर में रख लिया था। घर में खुशी का माहौल था और सभी लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे।
मौका देखकर घर में सेंध
इसी बीच बुधवार देर रात चोरों ने मौका देखकर घर में सेंध लगा दी। रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए बदमाश रसोईघर तक पहुंच गए और वहां रखा बर्तनों का पूरा सेट, चावल की बोरी और गैस सिलेंडर समेत कई अन्य सामान उठा ले गए। चोरी की यह घटना इतनी चुपचाप हुई कि घर में सो रहे किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी।
खुशी का माहौल मायूसी में...
सुबह जब परिवार के लोग जागे और रसोईघर में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। रसोई लगभग खाली थी और शादी के लिए जुटाए गए जरूरी सामान गायब थे। यह देख पूरे घर में हड़कंप मच गया और खुशी का माहौल पल भर में मायूसी में बदल गया। शादी की तैयारियों पर मानो ग्रहण लग गया।
घटनास्थल का निरीक्षण
पीड़ित परिवार ने तत्काल घटना की सूचना कोल्हुई थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
पुलिस जांच में जुटी
इस संबंध में कोल्हुई थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। चोरों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 5 March 2026, 5:06 PM IST
Topics : cylinders home Maharajganj wedding