छात्रा को बचाने में अनियंत्रित हुई स्कूल वैन, नहर पटरी में पलटी; तीन बच्चे घायल

महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। बच्चों से भरी एक स्कूल वैन छात्रा को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर नहर पटरी में पलट गई, जिसमें तीन बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 November 2025, 3:54 PM IST
google-preferred

Maharajganj: निचलौल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर नहर की पटरी में पलट गई। हादसा निचलौल-झूलनीपुर मार्ग स्थित अमड़ी नहर पुल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निचलौल के एक निजी स्कूल की मैजिक वैन करमाहिया गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार,  इसी दौरान सड़क किनारे स्थित दूसरे निजी स्कूल की एक छात्रा अचानक सड़क पार करने लगी। छात्रा को टक्कर से बचाने के प्रयास में वैन चालक ने गाड़ी मोड़ दी, जिससे वाहन असंतुलित होकर नहर की पटरी में जा पलटा।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।

भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, सोनौली बॉर्डर पर बढ़ी चौकसी; हर आने-जाने वाले की हो रही गहन जांच

ये छात्राएं हुई घायल

घायल छात्राओं की पहचान आलिया (14) पुत्री साबिर अली और अंशु (13) पुत्री मोहन, दोनों निवासी करमाहिया के रूप में हुई है। वहीं छह वर्षीय साजिदा पुत्री सद्दाम का इलाज सीएचसी निचलौल में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की स्थिति अब नियंत्रण में है।

Delhi Blast के बाद महराजगंज में हाई अलर्ट: सड़कों पर उतरे DM-SP, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

घटना के बाद चालक फरार

दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई निजी स्कूलों की वैनें बिना पर्याप्त सुरक्षा मानकों के सड़कों पर दौड़ रही हैं। हादसे के बाद अभिभावकों में गहरा आक्रोश है और लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वाहन के कागजात, चालक का लाइसेंस और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  11 November 2025, 3:54 PM IST

Advertisement