निचलौल में ऑटो चलाने को लेकर भिड़े चालक, लाठी-डंडों से हुई जमकर मारपीट; युवक की हालत गंभीर

निचलौल के अमड़ी पुल पर ऑटो चलाने को लेकर दो चालकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। लाठी-डंडों से हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। घटना में दो भाई घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे गोरखपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 August 2026, 11:23 PM IST

Maharajganj: स्थानीय थाना क्षेत्र के अमड़ी पुल पर रविवार को ऑटो चलाने को लेकर दो चालकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में घटना की चर्चा तेज हो गई। मारपीट के दौरान इटहिया मंदिर जाने वाला मार्ग भी कुछ देर के लिए बाधित रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामसभा रेगहिया के नौका टोला निवासी अकबर अली ने निचलौल पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा बुनियाद अली ऑटो चलाता है। रविवार को अमड़ी पुल पर ऑटो चलाने को लेकर उसकी बहुआर निवासी अमरजीत यादव से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद अमरजीत यादव ने फोन कर कुछ लोगों को मौके पर बुला लिया।

युवक अस्पताल में भर्ती

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे लोगों ने बुनियाद अली और उसके छोटे भाई शोएब अख्तर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शोएब अख्तर के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बुनियाद अली के हाथ-पैर में चोटें लगीं।

घटना के बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शोएब अख्तर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे महराजगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, जिला अस्पताल से भी शोएब को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। इसके बाद उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीड़ित पक्ष ने अमरजीत यादव, संदीप यादव और अभिषेक यादव समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। निचलौल पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  10 August 2026, 11:19 PM IST