दिव्यांग से करवा रहा था ये काम, मामला संज्ञान में आने के बाद हुई शख्त कार्रवाई

मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के दौरान महराजगंज में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया। मामला संज्ञान में आने के बाद परिवहन विभाग ने वाहन सीज कर दिया, चालक के लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

महराजगंज: जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जांच में एक निजी विद्यालय बच्चों की जान जोखिम में डालकर दिव्यांग चालक से स्कूल वाहन संचालित कराता मिला। मामले को गंभीर मानते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया और संबंधित स्कूल के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की संस्तुति भेज दी।

बच्चों के जीवन से खिलवाड़

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) द्वारा गुरुवार को जांच के दौरान स्कॉलर एकेडमी, पंता-आनंद नगर, फरेंदा के वाहन संख्या UP55T-5942 को रोका गया। वाहन चला रहे चालक विनोद से पूछताछ में सामने आया कि करीब दो वर्ष पहले हुई सड़क दुर्घटना में उनका दाहिना पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था।

चालक ने बताया कि वह बिना सहारे ठीक से चल भी नहीं सकते, इसके बावजूद विद्यालय उन्हें प्रतिमाह मात्र 9 हजार रुपये वेतन देकर प्रतिदिन स्कूली बच्चों को लाने और छोड़ने का कार्य करा रहा था।

महराजगंज में खाद की कालाबाजारी, आखिर किसकी शह पर बढ़े दाम?

जांच में मिली ये खामियां

जांच में चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी सत्यापित किया गया, जिसकी वैधता सितंबर 2026 तक है। हालांकि चालक की वर्तमान शारीरिक स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग ने इसे मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और संबंधित नियमों के विपरीत माना। अधिकारियों का कहना है कि इस स्थिति में स्कूली वाहन चलवाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।

परिवहन विभाग ने तत्काल प्रभाव से वाहन को अपने कब्जे में लेकर परिवहन कार्यालय में निरुद्ध (सीज) कर दिया। साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

महराजगंज: युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की रहस्यमय मौत, हत्या या आत्महत्या के सवालों के बीच परिवार ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

संबंधित विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को पत्र भेजकर संबंधित विद्यालय के विरुद्ध मान्यता निरस्त करने की संस्तुति की गई है।

Location :  Maharajganj

Published :  17 July 2026, 1:25 AM IST

Advertisement