
महराजगंज में दिल दहला देने वाली वारदात
Maharajganj: महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर टोला अमहिया में प्रेम प्रसंग ने दर्दनाक रूप ले लिया। यहां एक युवती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रवि मद्धेशिया (लगभग 20 वर्ष) का पड़ोस में रहने वाली सुनिता (लगभग 19 वर्ष) से प्रेम संबंध था। बृहस्पतिवार की रात रवि अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था तभी घटना ने खौफनाक मोड़ ले लिया।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान युवती के भाई कमलेश, अमलेश और दुर्गेश ने दोनों को देख लिया। इसके बाद दोनों को पकड़कर बेरहमी से पीटा गया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोप है कि प्रेमी रवि को मृत समझकर उसके घर के दरवाजे पर छोड़ दिया गया। बाद में परिजन उसे गंभीर हालत में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद जल्दबाजी में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके अलावा घर की सफाई कराई गई और खून से सने कपड़ों को भी जला दिया गया, जिससे सबूत मिटाने के आरोप भी सामने आ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर और पनियरा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।
घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल है। लोग इस दर्दनाक वारदात को लेकर सदमे में हैं और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मृतका अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में शामिल थी। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
महराजगंज पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत नशा तस्करों के नेटवर्क पर कसा शिकंजा
पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 18 April 2026, 2:06 PM IST