सुबह-सुबह महराजगंज में दिखा जंगल का खूंखार मेहमान, गांव में मच गया हड़कंप; घरों में दुबके लोग

महराजगंज के कटहरा गांव में रविवार सुबह एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में पहुंचकर मुर्गी फार्म में छिप गया। ग्रामीणों की भीड़ और शोर के बीच वह जंगल की ओर लौट गया। पिछले दो दिनों से तेंदुआ क्षेत्र में दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में दहशत है और वन विभाग से कार्रवाई की मांग की गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 July 2026, 11:40 AM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सोहगी बरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज अंतर्गत ग्राम कटहरा में एक तेंदुआ भटककर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। सुबह करीब 10 बजे तेंदुए के गांव में दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शुरुआत में लोगों ने उसे शेर समझ लिया, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि वह तेंदुआ था।

मुर्गी फार्म में काफी देर तक छिपा रहा तेंदुआ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ गांव के किनारे स्थित एक मुर्गी फार्म में घुस गया और काफी देर तक वहीं छिपा रहा। तेंदुए के मुर्गी फार्म में मौजूद होने की खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों के शोर-शराबे और हलचल के बीच कुछ देर बाद तेंदुआ वहां से निकलकर जंगल की ओर चला गया। हालांकि उसके जंगल में लौटने के बाद भी ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

दो दिनों से लगातार दिख रहा तेंदुआ

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिनों से तेंदुआ क्षेत्र में लगातार देखा जा रहा है। कटहरा, टोला रामनगर और आसपास के कई गांवों में उसके दिखने की चर्चा है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। ग्रामीण खेतों और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं, जबकि बच्चों को भी अकेले घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। पशुपालकों में भी अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

आखिरकार बलरामपुर में हुआ वो, जिसका किसानों को था बेसब्री से इंतजार; अब मेहनत लाएगी भरपूर कमाई

वन विभाग से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

“छुट्टा नहीं तो नीचे उतरो…” मास्क पहनकर BMTC बस में चढ़े कर्नाटक के परिवहन मंत्री को कंडक्टर ने ही चलती बस से उतारा!

वन विभाग से भी लोगों को सतर्क रहने, भीड़ न लगाने और किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में तेंदुए की दहशत बनी हुई है और ग्रामीण उसकी दोबारा दस्तक को लेकर चिंतित हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  12 July 2026, 11:40 AM IST