हिंदी
महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी नाकामी सामने आई है। दो बड़ी चोरी की घटनाओं में न चोर पकड़े गए, न सामान बरामद हुआ। बेटियों की शादी के लिए जमा जेवर और सामान चोरी होने से गरीब परिवारों के सपने टूट गए, पुलिस की उदासीनता चिंता बढ़ा रही है।
पीड़ित परिवार की तस्वीर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। दो बड़ी चोरी की घटनाओं में न चोर पकड़े गए और न ही चोरी का सामान बरामद हुआ। बेटियों की शादी के लिए जमा किए गए जेवर और सामान चोरी हो जाने से गरीब परिवारों के सपने चकनाचूर हो गए, जबकि पुलिस की उदासीनता ने पीड़ितों की पीड़ा को और बढ़ा दिया।
6 फरवरी को राजपुर खुर्द गांव में संगीता के घर से लड़की की शादी के लिए रखे गए जेवर, कपड़े और अन्य सामान चोरों ने उड़ा लिए। पीड़ित परिवार ने तुरंत कोल्हुई थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से साफ मना कर दिया। डाइनामाइट न्यूज़ द्वारा इस लापरवाही को उजागर करने के बाद 22 फरवरी को FIR नंबर 21/2026 धारा 305(a) BNS के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। यानी पूरे 16 दिन तक पुलिस ने पीड़ितों की आवाज को अनसुना रखा। चोर अब भी फरार हैं और सामान गायब है।
महराजगंज में विधवा के दुश्मन बने दबंग लोग, पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत 7 पर ठोका मुकदमा
6 मार्च को पिपरा सोहट गांव में अनीता के घर से शादी के जेवरात और अन्य सामान चोरी हो गया। इस बार तुरंत FIR नंबर 30/2026 धारा 305(a) BNS दर्ज की गई और रामचंद्र नामक संदिग्ध का नाम शामिल किया गया। फिर भी एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो रामचंद्र को गिरफ्तार किया और न ही चोरी का सामान बरामद किया। चोर खुले आम घूम रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में तड़प रहा है।
महराजगंज में होली-ईद मिलन के मंच से नसीमुद्दीन क्या करेंगे बड़ा ऐलान? एंट्री से बढ़ी हलचल
मामले की जांच कर रहे एसआई हरीश मौर्य का कहना है कि “पूछताछ और जांच चल रही है”। हालांकि यह बयान अब कोल्हुई पुलिस का रट्टा बन चुका है। दो अलग-अलग घटनाएं, दो FIR, लेकिन न चोर पकड़े गए और न सामान मिला। कोल्हुई थाना क्षेत्र में चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है, क्योंकि पुलिस पूरी तरह बेबस नजर आ रही है।
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही ने उनकी बेटियों की शादी के सपनों को चुरा लिया। सवाल उठता है कि कब तक कोल्हुई पुलिस चुप्पी साधे रहेगी और कब चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी? जनता कब तक पुलिस की नाकामी का शिकार होती रहेगी?