
पोखरे में डूबने से युवक की मौत (Img: pexels)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। युवक खेत में धान की रोपाई कर रहा था और काम खत्म होने के बाद हाथ-पैर धोने के लिए पोखरे पर गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गुलाम वारिस (18) पुत्र वारिस अली, निवासी गुलरिहा कला के टोला पोखरभिटवा, गुरुवार को अपने खेत में धान की रोपाई कर रहा था। काफी देर तक खेत में काम करने के बाद वह पास स्थित पोखरे पर हाथ-पैर धोने के लिए पहुंचा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिवनाथ साहनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष कोल्हुई कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
Location : Maharajganj
Published : 9 July 2026, 5:18 PM IST
Topics : Drowning Accident Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Pond Drowning uttar pradesh Youth Death