कोल्हुई में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, बाल-बाल बचे राहगीर

महराजगंज के कोल्हुई कस्बे में शनिवार देर रात बिजली विभाग की लापरवाही सामने आयी। रात करीब 11 बजे हाईटेंशन बिजली का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। गनीमत रही कि उस समय सड़क से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 5 July 2026, 1:49 AM IST

Maharajganj: कोल्हुई कस्बे में शनिवार देर रात बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई। लगभग रात 11 बजे हाईटेंशन बिजली का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। संयोग अच्छा रहा कि उस समय वहां से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही काटी गई बिजली आपूर्ति

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही संबंधित कर्मचारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका खत्म हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर टूटे हुए तार की मरम्मत कर बिजली व्यवस्था बहाल की।

गांवों की सफाई या ब्लॉक की बाबूगिरी? महराजगंज में सफाईकर्मियों को लेकर उठे बड़े सवाल

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कुछ महीने पहले कोल्हुई कस्बे के मुख्य मार्ग पर हाईटेंशन तार टूटकर गिर चुका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं बिजली व्यवस्था की जर्जर स्थिति की ओर इशारा करती हैं और लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

जर्जर तारों को बदलने की उठी मांग

ग्रामीणों और कस्बावासियों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के कई तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। समय रहते इनका नवीनीकरण नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि किसी दिन इस तरह की घटना में जनहानि हो जाती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

महराजगंज में वायरल वीडियो ने खोली पोल, चकबंदी लेखपाल पर गिरी गाज

स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि पूरे कस्बे में जर्जर हाईटेंशन तारों का सर्वे कराकर उन्हें शीघ्र बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Location :  Maharajganj

Published :  5 July 2026, 1:05 AM IST