
खेत में घुसी जेसीबी तो भड़के किसान
Maharajganj: उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के मंगलपुर गांव में खेत से बिना अनुमति मिट्टी खनन किए जाने को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आरोप है कि सोमवार देर शाम खेत में जेसीबी लगाकर मिट्टी निकाली जा रही थी। सूचना मिलने के बाद किसान मौके पर पहुंचे और इसका विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख मिट्टी खनन में लगे लोग जेसीबी लेकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बभनी निवासी किसान आदित्य जैसवाल का खेत मंगलपुर गांव के पास स्थित है। किसान का कहना है कि आसपास के किसानों ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनके खेत में मशीन लगाकर मिट्टी की खुदाई की जा रही है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि खेत के अंदर जेसीबी चल रही थी और मिट्टी निकाली जा रही थी। यह देखकर किसान और उनके परिजन नाराज हो गए।
किसानों द्वारा विरोध किए जाने पर वहां मौजूद लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की सड़क निर्माण परियोजना चल रही है। सड़क पाटने के लिए मिट्टी की आवश्यकता थी, इसलिए खेत से मिट्टी ली जा रही थी। यह सुनकर किसान और भड़क गए। उनका कहना था कि बिना खेत मालिक की अनुमति किसी भी विभाग को निजी जमीन से मिट्टी निकालने का अधिकार नहीं है।
डॉक्टर की जगह कर्मचारी देख रहे मरीज… “साहब जिले पर हैं” कहकर टाल रहे लोग, इलाज के लिए भटक रहे मरीज
मौके पर मौजूद अन्य किसान रिखई, उमेश, दीपक और राज जैसवाल ने भी इसका विरोध किया। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक आदेश का हवाला देकर जबरन खेत से मिट्टी खनन कराया जा रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद मामले की सूचना एसडीएम और स्थानीय पुलिस को दी गई।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते किसान मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन हो जाता। विरोध बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोग जेसीबी लेकर वहां से निकल गए।
PA चन्द्रनाथ रथ की मौत के बाद अब CM शुभेंदु अधिकारी को मिली धमकी, आखिर कौन है इन सबके पीछे?
वहीं मामले को लेकर कोल्हुई थाना के एसआई राजीव सिंह ने बताया कि मौके के पास पीडब्ल्यूडी की सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क पाटने के लिए खेत से मिट्टी निकाली जा रही थी, जिसका किसानों ने विरोध किया। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 12 May 2026, 1:01 PM IST
Topics : illegal mining Maharajganj Farmer Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police PWD News