Site icon Hindi Dynamite News

Maharajganj: फरेंदा को मिला नया उप जिलाधिकारी, प्रतीक्षा त्रिपाठी की जगह इन्हें मिली बड़ी जिम्मेदारी

महराजगंज में प्रशासनिक बदलाव के तहत डिप्टी कलेक्टर विजय यादव को फरेंदा का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। डीएम ने यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया है।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
Maharajganj: फरेंदा को मिला नया उप जिलाधिकारी, प्रतीक्षा त्रिपाठी की जगह इन्हें मिली बड़ी जिम्मेदारी

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फरेंदा तहसील को नया उप जिलाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया है। डिप्टी कलेक्टर विजय यादव को तत्काल प्रभाव से फरेंदा का नया उप जिलाधिकारी बनाया गया है। वे अब तक जनपद महराजगंज में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे। यह निर्णय जनहित एवं शासकीय कार्यों की सुचारु रूप से संचालन के उद्देश्य से लिया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह बदलाव पूर्व एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी के स्थानांतरण के बाद किया गया है। प्रतीक्षा त्रिपाठी के कार्यकाल को प्रशासनिक दृष्टि से काफी सक्रिय और प्रभावशाली माना गया। उन्होंने फरेंदा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, समयबद्ध शिकायत निस्तारण और विकास कार्यों की निगरानी जैसे कार्यों में अपनी भूमिका प्रभावशाली ढंग से निभाई। अब उनकी जगह विजय यादव को लाकर प्रशासन ने संकेत दिया है कि शासन की प्राथमिकताओं में निरंतरता और पारदर्शिता को बनाए रखते हुए नई ऊर्जा के साथ कार्य करना प्रमुख है।

कौन हैं नए उप जिलाधिकारी विजय यादव?

बता दें कि विजय यादव एक अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी माने जाते हैं। उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों को ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निभाया है। फरेंदा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उनकी तैनाती से जनता को कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों के प्रति नई उम्मीदें हैं। आम जनमानस को विश्वास है कि वे जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे, जनसुनवाई को प्राथमिकता देंगे और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराएंगे।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जारी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से साफ संकेत दिया गया है कि जनहित से जुड़े मसलों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को तत्परता से पूरा करना अनिवार्य होगा।

प्रतीक्षा त्रिपाठी को मिली लखीमपुर खीरी की जिम्मेदारी

गौरतलब है कि हाल ही में महराजगंज में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल देखने को मिला। जिसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार ने 127 उप जिलाधिकारियों के तबदले का आदेश दिया। इसमें महराजगंज की एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी का भी तबादला किया गया। प्रतीक्षा त्रिपाठी को को लखनऊ के बगल लखीमपुर खीरी का उपजिलाधिकारी बनाया गया है।

Exit mobile version