
महाराजगंज में बिजली कटौती से लोग परेशान
Maharajganj: फरेंदा के धानी बाजार में रात के समय लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से बाजार एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उमस भरी गर्मी के बीच देर रात बिजली चले जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं है और कई बार बिना पूर्व सूचना के अचानक आपूर्ति बंद हो जाती है। रात में बिजली गुल होने के बाद लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से घरों में रहने वाले लोगों को गर्मी और उमस के बीच परेशान होना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को होती है।
बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं मोबाइल फोन चार्ज करने और पानी की व्यवस्था जैसी रोजमर्रा की जरूरी सुविधाओं पर भी इसका असर पड़ रहा है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कब आएगी, इसकी सही जानकारी नहीं मिल पाती। कई बार रात में अचानक बिजली चली जाती है और काफी देर तक इंतजार के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं होती। लोगों का आरोप है कि विभाग की ओर से कटौती या फाल्ट की स्थिति में समय पर सूचना नहीं दी जाती।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि रात के समय बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। यदि किसी तकनीकी खराबी या फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित होती है तो उसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। साथ ही निर्धारित कटौती होने पर उपभोक्ताओं को पहले से इसकी जानकारी दी जाए।
महराजगंज जेल में अचानक पहुंच गए DM-SP, बैरकों की गहन तलाशी से मचा हड़कंप; फिर दिए ये सख्त निर्देश
लोगों का कहना है कि बिजली आज के समय में बेहद जरूरी सुविधा है। इसलिए विभाग को उपभोक्ताओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए रात के समय नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। लगातार बिजली कटौती की समस्या दूर नहीं होने पर क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
Location : Maharajganj
Published : 13 August 2026, 12:14 AM IST