हिंदी
मृतक रामसरेखा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग रामसरेखा की मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह दुर्घटना बीते 1 अप्रैल को गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर पिपरालाला के पास हुई थी। रामसरेखा गोरखपुर से चावल बेचकर अपने घर श्यामदेउरवा लौट रहे थे। तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामसरेखा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
Maharajganj News: पुल के नीचे मिला युवक का शव, सस्पेंस में उलझी मौत की कहानी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए रामसरेखा के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तमाम प्रयास किए, लेकिन रामसरेखा की हालत में सुधार नहीं हो सका और मंगलवार देर रात उनका निधन हो गया।
हादसे की खबर के बाद रामसरेखा के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और स्थानीय लोग भी इस घटना से दुखी हैं। क्षेत्रीय लोग और समाजसेवी हादसे की निंदा कर रहे हैं और दोषी वाहन चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।
Location : Maharajganj
Published : 8 April 2026, 1:14 PM IST