महराजगंज में नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप, नेपाल भेजने से पहले पुलिस ने दबोचे 3 तस्कर; 4350 इंजेक्शन बरामद

महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। श्यामदेउरवा पुलिस, SWAT और SOG की संयुक्त टीम ने पिकअप से 4,350 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कथित तस्करी नेटवर्क और सप्लायर से जुड़े अहम सुराग सामने आए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 August 2026, 4:04 PM IST

Maharajganj: महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्यामदेउरवा पुलिस, SWAT और SOG की संयुक्त टीम ने 13 अगस्त की देर रात पिपराइच-परतावल मार्ग पर बसहिया मोड़ के पास एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गोरखपुर-पिपराइच की ओर से एक वाहन में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बड़ी खेप लाई जा रही है और उसे परतावल के रास्ते नेपाल भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को पकड़ लिया।

पिकअप से मिले 4,350 नशीले इंजेक्शन

तलाशी के दौरान नीले रंग के प्लास्टिक बोरे में कागज के गत्तों के बीच प्रतिबंधित इंजेक्शन छिपाकर रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक बरामद खेप में CEREJACK DIAZEPAM INJECTION IP के 2,000 एम्पुल और BUPRENORPHINE INJECTION IP के 2,350 एम्पुल शामिल हैं।

कुल 4,350 एम्पुल बरामद हुए हैं। प्रत्येक एम्पुल 2 एमएल का बताया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन UP56AT5866 और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वाहन में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान जाकिर हुसैन निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी, गोविंद प्रसाद और सचिन, दोनों निवासी जमुईकला, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है।

यह कार्रवाई डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चन्नप्पा के निर्देश और एसपी महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सक्रिय थी।

नैनीताल में 22 पर्यटकों से भरा ट्रैवलर गहरी खाई में गिरा, भारी बारिश में मची चीख-पुकार; रेस्क्यू जारी

पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे काफी समय से भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार बिहार के टिंकविल उर्फ पिंकू नामक व्यक्ति से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए दवाओं का ऑर्डर लिया जाता था और उसके बताए बैंक खातों में रकम भेजी जाती थी।

अब पुलिस कथित सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

दो आरोपी पहले से हिस्ट्रीशीटर

पुलिस के अनुसार जाकिर हुसैन ठूठीबारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गोविंद प्रसाद भी हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ मारपीट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

प्रेमी पर विश्वास कर घर छोड़ निकली लड़की, अचानक अपने ही फैसले से मुकर गया आशिक; डेढ़ साल बाद बच्ची के साथ मिली युवती

NDPS Act के तहत केस दर्ज

बरामद दवाओं की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी की होने के आधार पर श्यामदेउरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मु0अ0सं0 230/2026 के तहत धारा 8/22(c)/23(c) NDPS Act में कार्रवाई शुरू की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की यह खेप कहां से आई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  14 August 2026, 3:56 PM IST