DM की बैठक से 16 अधिकारी नदारद, भड़के शिवशरणप्पा! CMO से लेकर BDO तक सभी का वेतन रोकने का आदेश

महराजगंज में IGRS समीक्षा बैठक से 16 अधिकारी अनुपस्थित मिले। CMO, DIOS, अधिशासी अभियंता, अधिशासी अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारियों समेत कई जिम्मेदार बैठक में नहीं पहुंचे। डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. ने नाराजगी जताते हुए सभी का वेतन रोकने का आदेश दिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 November 2026, 6:21 PM IST

Maharajganj: महराजगंज में जनशिकायतों को लेकर लापरवाही बरतना अधिकारियों को भारी पड़ गया। IGRS पोर्टल पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों की समीक्षा के लिए बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक में जब जिले के 16 जिम्मेदार अधिकारी ही गायब मिले तो जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. का पारा चढ़ गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), अधिशासी अभियंता, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारियों समेत कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारी शामिल नहीं हुए।

IGRS पर बुलाई गई थी बैठक

दरअसल, शासन की ओर से जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में महराजगंज जिले में IGRS पोर्टल के प्रदर्शन की समीक्षा की जा रही थी। समीक्षा के दौरान कुछ विभागों का रिस्पांस 50 प्रतिशत से भी कम पाया गया था। इन विभागों की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई थी।

यूपी में शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल! महराजगंज समेत 4 जिलों को मिले नए DIOS, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी

CMO से लेकर अधिशासी अभियंता तक रहे गायब

समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेंद्र कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता नलकूप, जिला गन्ना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और एलडीएम शामिल हैं। इनके अलावा खंड विकास अधिकारी परतावल, खंड शिक्षा अधिकारी निचलौल और खंड शिक्षा अधिकारी मिठौरा भी बैठक में मौजूद नहीं थे।

वहीं, नगर निकायों से अधिशासी अधिकारी नौतनवा और सोनौली अनुपस्थित मिले। पंचायत विभाग से एडीओ पंचायत नौतनवा और एडीओ पंचायत महराजगंज भी बैठक में नहीं पहुंचे। पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारी निचलौल, चकबंदी अधिकारी नौतनवा और अधिशासी अभियंता सिंचाई भी अनुपस्थित अधिकारियों की सूची में शामिल हैं। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड भी बैठक में मौजूद नहीं मिले।

सभी अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश

बैठक में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी के प्रति गंभीर लापरवाही माना। इसके बाद बैठक से अनुपस्थित सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोकने का सख्त आदेश दिया। डीएम की इस कार्रवाई को जिले के अधिकारियों के लिए कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

महराजगंज में गूंजा हवाई हमले का सायरन: 10 लोगों के फंसे होने पर मची अफरा-तफरी, 8 एंबुलेंस व रेस्क्यू टीमें तैनात

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर प्रशासन सख्त

IGRS पोर्टल के जरिए आम नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में शिकायतों का समय से निस्तारण करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। शिकायतों का केवल निस्तारण दिखाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान भी जरूरी है। जिले में 50 प्रतिशत से कम रिस्पांस वाले विभागों की समीक्षा इसी उद्देश्य से की जा रही थी। प्रशासन चाहता है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Location :  Maharajganj

Published :  23 November 2026, 6:21 PM IST