मैदान में उतरे महाराजगंज डीएम: पेट्रोल पंपों पर निरीक्षण कर बोले- अफवाहों से दूर रहें

महराजगंज में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी ने कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर स्टॉक की स्थिति सामान्य पाई। अफवाहों के कारण लोगों में पैनिक बायिंग बढ़ने से पंपों पर भीड़ देखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 March 2026, 7:31 PM IST

Maharajganj: जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को खुद मैदान में उतरकर एसडीएम सदर और जिला पूर्ति अधिकारी के साथ कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया।

पेट्रोल पंपों का किया गया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले पकड़ी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। जहां उन्होंने स्टॉक और बिक्री की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। पंप संचालक ने बताया कि पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर है। जिसमें से करीब 5 हजार लीटर की बिक्री हो चुकी है। वहीं डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर है। जिसमें 3,523 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। संचालक ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है।

अफवाहों से बढ़ी भीड़ और पैनिक बायिंग

हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों का असर साफ दिखाई दे रहा है। लोगों में अनावश्यक रूप से अधिक ईंधन खरीदने की होड़ मच गई है। जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वे ग्राहकों को सही जानकारी दें और उन्हें पैनिक बायिंग से रोकें।

महाराजगंज में सड़क पर चीखती रही महिला, टूट पड़ा दबंग युवक, CCTV ने खोल दिया राज

दूसरे पंप पर भी स्थिति सामान्य

इसके बाद जिलाधिकारी महुअवा ढाला स्थित मां बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन पहुंचे। यहां भी स्थिति सामान्य पाई गई। पेट्रोल का स्टॉक 23,890 लीटर था। जिसमें से 8,161 लीटर की बिक्री हो चुकी थी, जबकि डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर था और मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। पंप संचालक ने बताया कि बिक्री सामान्य रूप से जारी है, लेकिन इन दिनों ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है।

प्रशासन के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हालत में गैलन या डिब्बों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं की जाएगी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामान्य खरीद की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं।

लोगों से की अपील

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आम लोगों से भी बातचीत की और उन्हें अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें, ताकि सभी को पर्याप्त मात्रा में ईंधन मिल सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

महाराजगंज में डाइनामाइट न्यूज़ का असर: पेट्रोल पंपों पर सख्ती, डीएसओ ने बोला- लाइसेंस पर होगी कार्रवाई

सभी पंपों की होगी निगरानी

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी 134 पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जाए और कहीं भी आपूर्ति या वितरण में बाधा न आने दी जाए। किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जिले में ईंधन की स्थिति

गौरतलब है कि वर्तमान में जनपद के पेट्रोल पंपों पर 1036 किलोलीटर डीजल और 842 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। 26 मार्च को 650 किलोलीटर डीजल और 376 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 27 March 2026, 7:31 PM IST