
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में सख्त दिखे सीडीओ
Maharajganj: जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा उद्योग विभाग सहित कई विभागों की योजनाओं की स्थिति का गहन परीक्षण किया। इस दौरान कुछ योजनाओं को बी और सी ग्रेड मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बी, सी और डी ग्रेड किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति में तेजी लाकर उन्हें ए ग्रेड में लाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान पीएम सूर्यघर योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर भी सीडीओ ने असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक घरों में सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ने कुपोषण से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सैम और मैम श्रेणी के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
निर्माणाधीन परियोजनाओं के संबंध में भी उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी योजना की प्रगति खराब पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 14 March 2026, 4:44 PM IST
Topics : government schemes Maharajganj Development Maharajganj News Mahendra Kumar Singh PM Suryaghar