महराजगंज में चलेगा महाअभियान, डीएम का सख्त फरमान-ढाबों, होटलों, ईंट-भट्ठों और दुकानों की होगी चप्पे-चप्पे पर जांच

महराजगंज में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने 31 अगस्त तक सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर बाल श्रमिक मिलने पर तत्काल मुक्ति, पुनर्वास और नियोजकों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 July 2026, 8:04 PM IST

Maharajganj: जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अब पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में बाल श्रम के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

डीएम ने दिए ये निर्देश

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी ढाबों, ईंट-भट्ठों, होटलों, रेस्टोरेंट, कार्यशालाओं, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जाए और कहीं भी कोई बच्चा बाल श्रमिक के रूप में कार्यरत न मिले।

बैठक में जिलाधिकारी ने नामित निरीक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित निगरानी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘ना कोई सूचना, ना नीलामी और हो गया पट्टा’, जानिए गोरखपुर के खानीपुर गांव में पोखरी आवंटन पर क्यों मचा बवाल

शिक्षा विभाग को भी मिला निर्देश

डीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देश दिया कि अगर निरीक्षण के दौरान कोई बालक या बालिका काम करते हुए मिले तो उसे तत्काल मुक्त कराया जाए और उसके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही संबंधित बच्चों और उनके अभिभावकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को भी निर्देशित किया कि मुक्त कराए गए बच्चों का दोबारा विद्यालयों में नामांकन कराकर उनकी नियमित पढ़ाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत पूर्व में की गई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को जारी आरसी की समीक्षा कर समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि बाल श्रम केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि एक सामाजिक अपराध है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गोरखपुर में तीन घंटे की बारिश के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने सबको चौंका दिया

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी गणेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  20 July 2026, 8:04 PM IST