
आयुर्वेदीक अस्पताल पर प्रदर्शन (image source: dynamite news)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के बृजमनगंज क्षेत्र स्थित न्यू पीएचसी फुलमनहा के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल परिसर पहुंचे और प्रभारी चिकित्साधिकारी की लगातार अनुपस्थिति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात प्रभारी राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. हरेंद्र जसवार महीनों तक अस्पताल नहीं आते जिससे मरीजों को इलाज और दवाओं के लिए परेशान होना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती होने के बावजूद मरीजों को केवल कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया गया है। जब भी मरीज या उनके परिजन डॉक्टर के बारे में जानकारी लेते हैं तो कर्मचारियों द्वारा यह कहकर मामला टाल दिया जाता है कि "साहब जिले पर ड्यूटी कर रहे हैं।" इस स्थिति से लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोरोना काल के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेदिक उपचार और दवाओं की मांग तेजी से बढ़ी है। बड़ी संख्या में लोग आयुर्वेदिक इलाज के लिए इस अस्पताल में पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्साधिकारी के न मिलने से मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।
लोगों ने आरोप लगाया कि डॉ. हरेंद्र जसवार को जिला आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद से वह अपने मूल तैनाती स्थल पर बहुत कम दिखाई देते हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई-कई महीनों तक डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचते, जबकि जनपदीय कार्यों के लिए अलग समय निर्धारित होता है।
प्रदर्शन के दौरान कुलदीप, अजय, आर्यन, भोला, राधेश्याम, दीपक, रामजतन और रवि सहित कई ग्रामीण अस्पताल गेट पर एकत्र हुए और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वह बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
कन्नौज में गोलियों की गूंज: 2022 अपहरण-हत्या कांड का फरार आरोपी एनकाउंटर में दबोचा गया
वहीं इस मामले में डॉ. हरेंद्र जसवार ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें लगातार बैठकों और जनपदीय कार्यों में शामिल होना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि वह समय-समय पर अस्पताल में उपस्थित होते रहते हैं। हालांकि ग्रामीण डॉक्टर की इस सफाई से संतुष्ट नजर नहीं आए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Location : Maharajganj
Published : 12 May 2026, 11:40 AM IST