
चलती ट्रेन के सामने आया खतरा
Maharajganj: आनंदनगर-बृजमनगंज रेलखंड पर लेहड़ा जंगल के पास साखू का पेड़ अचानक रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ की डालियां ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) तार पर गिरने से बिजली का तार क्षतिग्रस्त हो गया। तार टूटते ही चिंगारी निकलने लगी। इसी दौरान गोरखपुर से गोमतीनगर जा रही गाड़ी संख्या 15081 के लोको पायलट शैलेश कुमार की नजर ट्रैक पर गिरे पेड़ और टूटे तार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार करीब 15 :23 बजे लोको पायलट शैलेश कुमार और ट्रेन मैनेजर बाल्मीकि राजभर ने घटना की जानकारी रेल विभाग को दी। सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक मृत्युंजय कुमार सिंह ने आनंदनगर चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल अजीत कुमार राय को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। हेड कांस्टेबल अजीत कुमार राय और कांस्टेबल अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इसी बीच पीडब्ल्यूई जितेंद्र गुप्ता अपने स्टाफ तथा टीआरडी के एसएससी विशाल चौधरी,अवधेश पाल समेत अन्य रेलकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। ओएचई तार पर गिरी पेड़ की डालियों को सावधानीपूर्वक काटकर हटाने का काम शुरू किया गया। करीब 16:12 बजे पेड़ की डालियां हटाकर रेल ट्रैक को साफ कर दिया गया।
इसके बाद टीआरडी विभाग के कर्मचारियों ने ओएचई तार और बिजली आपूर्ति व्यवस्था की जांच की। सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद गाड़ी संख्या 15081 को धीमी गति से आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई। करीब 16:50 बजे ट्रेन घटनास्थल से रवाना हुई। आनंदनगर स्टेशन मास्टर के अनुसार, घटना के कारण गाड़ी संख्या 15081 करीब एक घंटा 40 मिनट विलंबित हुई।
ट्रेन के लंबे समय तक जंगल में खड़े रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि चालक की सूझबूझ और रेलकर्मियों की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलकर्मियों ने ट्रैक और ओएचई व्यवस्था को दुरुस्त कर रेल संचालन बहाल कराया। ट्रेन के सुरक्षित आगे बढ़ने के बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। जंगल क्षेत्र में पेड़ों की स्थिति और रेल लाइन की सुरक्षा को लेकर नियमित निगरानी की जरूरत भी इस घटना से सामने आई है।
Location : Maharajganj
Published : 15 August 2026, 5:26 AM IST