“हमें नौकरी दो या भीख मांगने पर मजबूर मत करो”… लखनऊ में उबाल, नौकरी के लिए सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

Lucknow 69000 Teacher Protest: लखनऊ की सड़कों पर उतरे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन कई सवाल खड़े कर रहा है। भीख मांगने से लेकर विधानसभा घेराव तक, आखिर क्यों मजबूर हुए युवा? पुलिस कार्रवाई और बढ़ते आक्रोश के बीच क्या उनकी मांगों को मिलेगा समाधान या फिर संघर्ष और लंबा चलेगा?

Post Published By: Manoj Mishra
Updated : 22 April 2026, 2:12 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों का गुस्सा बुधवार को खुलकर सड़कों पर नजर आया। वर्षों से नियुक्ति की मांग कर रहे इन अभ्यर्थियों ने विरोध दर्ज कराया।

दो समूहों में बंटे अभ्यर्थी

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी दो अलग-अलग समूहों में बंट गए। एक समूह ने चारबाग रेलवे स्टेशन के पास भीख मांगकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। उनके हाथों में कटोरे और तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था कि “हमें नौकरी दो या भीख मांगने पर मजबूर मत करो।”

विधानसभा घेराव और तीखी झड़प

दूसरा समूह सीधे विधान भवन की ओर बढ़ा, जहां उन्होंने घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान “न्याय नहीं दे सकते तो इस्तीफा दो” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई। करीब आधे घंटे तक पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक चली।

Budaun: आग से जंग के लिए एसएसपी अंकिता शर्मा का बड़ा कदम! दो नई हाईटेक दमकल गाड़ियां सड़कों पर उतरीं

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और कई अभ्यर्थियों को जबरन हिरासत में लिया। महिला अभ्यर्थियों को भी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा बलपूर्वक हटाया गया। कुछ को उठाकर गाड़ियों में बैठाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ईको गार्डन भेजे गए प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारियों को बाद में पुलिस द्वारा ईको गार्डन ले जाया गया  जहां उन्हें छोड़ा गया। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।

भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर आरोप

अभ्यर्थियों का आरोप है कि 69000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में कई तरह की गड़बड़ियां हुई हैं और सुप्रीम कोर्ट में प्रदेश सरकार की कमजोर पैरवी के कारण उन्हें अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। उनका कहना है कि पिछले पांच वर्षों से वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है।

Mainpuri: जिलाधिकारी से गुहार सरकारी जमीन पर कब्जा और अवैध खनन करने वालों पर करें कार्रवाई

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि वे बार-बार मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बेरोजगारी के इस दौर में लखनऊ आना भी उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है।

Location :  Lucknow

Published :  22 April 2026, 2:12 PM IST