
लखनऊ में 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
Lucknow: 68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति के मामले को लेकर सोमवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए अभ्यर्थियों ने लखनऊ में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सीटी बजाकर और नारेबाजी कर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर खींचा।
प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए और पुलिस से धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश में ओबीसी दिव्यांग अभ्यर्थियों के परिणाम में संशोधन कर नियुक्ति देने की बात कही गई है।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, आयोग ने 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित करने और नियुक्ति देने की बात कही है। इसके साथ ही आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई है। अभ्यर्थियों की मांग है कि आयोग के इस आदेश का अनुपालन किया जाए और लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ किया जाए।
ये भी पढ़ें: यूपी राज्यसभा चुनाव में BJP ने खोले पत्ते, 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित
शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने कई नारे लगाए। इनमें ‘संदीप भैया न्याय करो’, ‘है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण’ और ‘बाबू कल्याण सिंह अमर रहे’ जैसे नारे शामिल रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया और हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से शिक्षा मंत्री से वार्ता को लेकर बातचीत हुई है। उनके अनुसार, मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल और शिक्षा मंत्री के बीच वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता में मांगों पर चर्चा होने के बाद अभ्यर्थी आगे की रणनीति तय करेंगे।
अभ्यर्थियों के अनुसार, उनकी ओर से एक सितंबर से ईको गार्डन में लगातार धरना दिया जा रहा है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचे और शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आजमगढ़ से आए अभ्यर्थी सच्चिदानंद तेज धूप के कारण शिक्षा मंत्री के आवास के गेट के सामने अचेत होकर गिर गए। वहां मौजूद एसएचओ विपिन सिंह ने उन्हें भीड़ से बाहर छांव में पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, उनका मुंह धुलाया गया और जूते उतारकर बिस्किट व पानी दिया गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर पुलिस की गाड़ी से उन्हें सिविल अस्पताल भेजा गया।
प्रदर्शन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, इशिता पाल, अजय मावी, उमेश गुप्ता, तारिक, राम प्रवेश, विनोद प्रजापति, शिव शंकर गौड़, अमित पटेल, सच्चिदानंद, संतोष, सुनील, कुशल, जोगेंद्र और अरुण मौर्या समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे। अब सभी की नजर मंगलवार को प्रस्तावित वार्ता पर है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वार्ता में यदि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो वे आगे की रणनीति तय करेंगे।
Location : Lucknow
Published : 5 October 2026, 5:09 PM IST