लखनऊ में IPS अमिताभ यश के पिता का त्रयोदश कार्यक्रम भावुक माहौल में संपन्न, श्रद्धांजलि देने पहुंचे कई दिग्गज

उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और यूपी एसटीएफ के चीफ अमिताभ यश के पिता राम यश सिंह का त्रयोदशी ब्रह्मभोज भावुक माहौल में लखनऊ में संपन्न हुआ। इस मौके पर कई दिग्गज दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 10 May 2026, 4:47 PM IST

Lucknow: बिहार के डीआईजी रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी और उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और यूपी एसटीएफ के चीफ आईपीएस अमिताभ यश के पिता राम यश सिंह का गत 27 अप्रैल को निधन हो गया था। दिवंगत राम यश सिंह का त्रयोदशी ब्रह्मभोज कार्यक्रम रविवार को भावुक माहौल में लखनऊ में संपन्न हुआ। इस मौके पर कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुई और पित्र प्रसाद ग्रहण करने के साथ ब्रह्मलीन राम यश सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिवंगत आत्मा की शांति के लिये आयोजित त्रयोदश कार्यक्रम लखनऊ के सैंट्रन हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, विभूतिखंड में आयोजित किया गया। त्रयोदश कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राम यश सिंह को याद कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की।

इस मौके पर ब्रह्मलीन राम यश सिंह के पुत्र आईपीएस अमिताभ यश और उनके भाई रजनीश सिंह, राजीव सिंह, बृज राज सिंह, पौत्र यश वर्धन सिंह, पुत्रवधु और अमिताभ यश की पत्नी रेनू सिंह समेत अनेक परिजन और निकट संबंधी जन शामिल रहे।

राम यश सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने बंधाया IPS अमिताभ यश का ढ़ांढस

त्रयोदश कार्यक्रम में परिजनों के अलावा कई आईपीएस, आईएएस अधिकारी, राजनेता, न्यायाधीष, विधिवेत्ता, पत्रकार और अनेक अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

बिहार कैडर के 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे रामयश सिंह गत 27 अप्रैल की दोपहर हार्ट अटैक के कारण बेहोश हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

28 अप्रैल की दोपहर लखनऊ में उन्हें पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ भावभीनी विदाई दी गई और भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।

राम यश सिंह का जन्म 1944 में हुआ था। बिहार पुलिस और विधिक क्षेत्र में उनका एक सम्मानित नाम था। उन्होंने आरा के जैन कॉलेज से बीएससी की डिग्री प्राप्त की और बाद में आईपीएस अधिकारी बने। उन्होंने वेस्ट चंपारण, ईस्ट चंपारण और जहानाबाद जैसे जिलों में एसएसपी के रूप में कार्य किया। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रामयश सिंह न केवल एक सख्त और ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते थे, बल्कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  10 May 2026, 4:26 PM IST