Lucknow: आग में कूद फरिश्ता बन SHO ने बचायी व्हीलचेयर पर बैठी बुजुर्ग महिला की जान

लखनऊ के महानगर इलाके में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में व्हीलचेयर पर बैठी बुजुर्ग महिला फंस गईं। SHO अखिलेश मिश्रा ने अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला, पूरे इलाके ने उनकी बहादुरी की सराहना की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 April 2026, 1:06 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में भीषण गर्मी के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। फैजाबाद रोड पर आईटी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक रिहायशी मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

एसी में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग

जानकारी के अनुसार, आग ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में लगी, जहां एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट हो गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं पूरे घर में फैल गया। घर के लोग जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन व्हीलचेयर पर मौजूद बुजुर्ग महिला अंदर ही फंस गईं।

बुजुर्ग महिला धुएं में फंसी

घटना के समय घर में मौजूद सविता व्हीलचेयर पर थीं और बाहर नहीं निकल सकीं। परिवार ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी और घर के भीतर घना धुआं भर गया था।

SHO ने दिखाई अद्भुत बहादुरी

सूचना मिलते ही महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए उन्होंने जलते हुए घर में प्रवेश किया। घने धुएं और तेज लपटों के बीच उन्होंने साहस दिखाते हुए बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी की हर तरफ सराहना हो रही है।

गर्मी और लू से राहत के लिए यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में स्कूल टाइमिंग बदली, जानें अब क्या होगा समय

दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

परिवार की आंखों के सामने तबाही

घर के मालिक घनश्याम दास अग्रवाल और उनका परिवार बाहर निकलकर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

बड़ी जनहानि टली

इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों ने SHO की बहादुरी और प्रशासन की तत्परता की जमकर सराहना की।

यूपी में गर्मी का तांडव, बांदा 47.4°C के साथ देश में सबसे गर्म, ललितपुर में बारिश से राहत

गर्मी और हादसों पर बढ़ी चिंता

तेज गर्मी के बीच ऐसे हादसों ने बिजली सुरक्षा और उपकरणों की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली उपकरणों का नियमित रखरखाव करें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Location :  Lucknow

Published :  28 April 2026, 1:06 PM IST