EMI के जाल में फंसी जिंदगी! डीसीएम की किस्त नहीं चुका पाया ड्राइवर, रातों-रात उठाया खौफनाक कदम

लखनऊ में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार की जिम्मेदारियां, बैंक की लगातार कॉल और बढ़ता कर्ज उसे अंदर ही अंदर तोड़ रहा था। आखिर किस दबाव ने एक मेहनतकश इंसान को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 May 2026, 1:43 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आर्थिक तंगी और लगातार बढ़ते कर्ज के दबाव में एक 36 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और अपनी DCM गाड़ी की EMI समय पर नहीं चुका पाने के कारण गहरे दबाव में जी रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

कौन था मृतक?

मृतक की पहचान 36 वर्षीय देशदीप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बाराबंकी जिले के जैतपुरा बरहेटा गांव का रहने वाला था। वह लखनऊ के आशियाना क्षेत्र के रुचि खंड इलाके में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था।परिवार का कहना है कि उसने कुछ समय पहले एक DCM गाड़ी फाइनेंस कराई थी ताकि वह खुद का काम शुरू कर सके और परिवार का भरण-पोषण कर सके। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में परिस्थितियां बिगड़ने लगीं।

दोस्त की बर्थडे पार्टी में बुलाया, फिर कनपटी पर मारी गोली… बिजनौर में अमरोहा के युवक की Murder Mystery

35 हजार की EMI बनी बड़ी मुसीबत

परिजनों के अनुसार, DCM की मासिक किस्त करीब 35 हजार रुपये थी। देशदीप इसी वाहन को चलाकर परिवार का खर्च चलाता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों में कामकाज में लगातार नुकसान होने लगा। आर्थिक संकट इतना बढ़ गया कि वह पिछले तीन महीनों से EMI जमा नहीं कर पा रहा था। इसके बाद बैंक की ओर से लगातार फोन कॉल आने लगे और गाड़ी सीज करने की चेतावनी भी दी जाने लगी। यही दबाव उसके मानसिक तनाव का कारण बन गया।

उस रात क्या हुआ?

बुधवार देर रात परिवार ने साथ में खाना खाया और फिर सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। इसी दौरान देशदीप की पत्नी कामिनी किसी काम से बाथरूम गई थीं। जब वह वापस लौटीं तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। देशदीप कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। उनकी चीख सुनकर मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे नीचे उतारकर लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Kaushambi: फेसबुक पर मुस्कुराते दिखे 5 दोस्त… सिर्फ 30 मिनट बाद सड़क पर बिछ गए शव, आखिर ऐसा क्या हुआ?

पुलिस की जांच और शुरुआती स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार से पूछताछ शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के भाई हरिकेश ने पुलिस को बताया कि देशदीप लंबे समय से कर्ज और EMI के बोझ में दबा हुआ था। लगातार आर्थिक नुकसान और बैंक का दबाव उसे अंदर से तोड़ रहा था। परिवार का कहना है कि वह धीरे-धीरे चुप रहने लगा था और तनाव में रहता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि स्थिति इतनी गंभीर हो जाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  15 May 2026, 1:43 PM IST