LPG Crises: ‘सिलेंडर गायब’ के नारों से गूंजा मुजफ्फरनगर, कलक्ट्रेट पर अलग अंदाज में प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर मुजफ्फरनगर में AAP कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। AAP नेताओं ने गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों को कम करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि महंगे सिलेंडर और सप्लाई की कमी ने आम आदमी और छोटे व्यापारियों का बजट बिगाड़ दिया है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 14 March 2026, 3:32 PM IST

Muzaffarnagar: देश में रसोई गैस की किल्लत को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

यह विरोध प्रदर्शन राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी के खिलाफ समेत “सिलेंडर गायब...” के नारे लगाते हुए देश में गैस की बढ़ती कीमतों और सप्लाई की समस्या का मुद्दा उठाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई और गैस संकट ने आम लोगों के लिए रसोई चलाना मुश्किल कर दिया है।

आम जनता पर बढ़ा बोझ

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में करीब 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है।

उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए अब रसोई चलाना और भी कठिन होता जा रहा है। कई स्थानों पर गैस की कमी के कारण लोगों को एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।

फतेहपुर में वकीलों का उग्र प्रदर्शन, लोक अदालत का बहिष्कार कर सड़क पर उतरे अधिवक्ता; जानें क्या है इसकी वजह?

छोटे कारोबारियों पर भी संकट

पार्टी के जिला महासचिव अजय चौधरी ने कहा कि गैस की कमी और बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है। होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है। गैस महंगी होने और सप्लाई प्रभावित होने से छोटे व्यापारियों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है।

सरकार से की ये मांगें

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर देश की जनता पर डाला जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस की हालिया मूल्य वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति बनाई जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।

यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा पर सख्त पहरा! अचानक केंद्रों पर पहुंचे एसपी, जांच शुरू होते ही बढ़ी हलचल

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही महंगाई और गैस संकट पर ठोस कदम नहीं उठाए तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर देशव्यापी जन आंदोलन तेज करेगी। इस दौरान कुलदीप तोमर, अनुराग अहलावत, संजीव मान, मनोज कुमार, शिवा सिंघल, अजय चौधरी, सुशील अहलावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

Location : 
  • MUZAFFARNAGAR

Published : 
  • 14 March 2026, 3:32 PM IST