Kanpur News: मेले से मंदिर तक पहुंची प्रेम कहानी, पता चलने के बाद थाने में रची शादी, पढ़ें पूरी खबर

कानपुर देहात के मंगलपुर थाने में एक प्रेमी युगल ने परिवार की सहमति से मंदिर में विवाह किया। मेले में शुरू हुई प्रेम कहानी शादी तक पहुंची, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर राजी कराया। बालिग होने की पुष्टि के बाद विधि-विधान से शादी कराई गई। नवदंपती ने सुरक्षा की मांग की, जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 February 2026, 3:46 PM IST

Kanpur: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में एक अनोखी प्रेम कहानी का सुखद अंत देखने को मिला। ग्राम जुरिया की 20 वर्षीय सरस्वती और ग्राम जैतीपुर का शीलू उम्र 21 वर्ष की मुलाकात क्षेत्र में लगे एक मेले में हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत से शुरू हुआ परिचय धीरे-धीरे प्रेम में बदल गया।

जब दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवारों को हुई तो शुरुआत में लड़की पक्ष ने आपत्ति जताई, लेकिन समय के साथ बातचीत और समझाइश के बाद दोनों परिवार इस संबंध के लिए तैयार हो गए। इसके बाद प्रेमी युगल ने शादी का निर्णय लिया और इसके लिए पुलिस की मदद ली।

थाने में परिवारों की सहमति से हुआ विवाह

रविवार को दोनों मंगलपुर थाने पहुंचे और पुलिस को अपने प्रेम संबंध व शादी की इच्छा के बारे में बताया। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर आपसी बातचीत कराई। काफी समझाइश के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए। परिवारों की सहमति मिलने के बाद थाना परिसर स्थित भोलेनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ दोनों का विवाह कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी और परिजन मौजूद रहे और शादी के गवाह बने। शादी के बाद मंदिर में पूजन-अर्चन कर दोनों ने एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया।

Bomb Threat: दिल्ली में बम की धमकी से फिर हड़कंप, लाल किला और सचिवालय को उड़ाने का मेल, पुलिस अलर्ट; जानिये पूरा अपडेट

शादी के बाद सुरक्षा की मांग

प्रेमी युगल ने पुलिस को लिखित समझौता पत्र भी दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव के साथ रहने का निर्णय ले रहे हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमलेश यादव ने बताया कि दोनों के बालिग होने की पुष्टि के बाद ही शादी कराई गई। शादी के बाद नवदंपती ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी प्रकार की धमकी या विवाद सामने आता है तो कानून के अनुसार सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

मैनपुरी में यादव समाज का प्रदर्शन, रिलीज से पहले विवादों में ‘यादव जी की लव स्टोरी’, पढ़ें पूरी खबर

थाना परिसर में हुई इस अनोखी शादी की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। मेले में शुरू हुई प्रेम कहानी का थाने के मंदिर में विवाह के रूप में अंत होने से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है, वहीं पुलिस की पहल को भी सराहा जा रहा है, जिसने आपसी सहमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत इस रिश्ते को मंजिल तक पहुंचाया।

Location : 
  • Kanpur Dehat

Published : 
  • 23 February 2026, 3:46 PM IST