हिंदी
मैनपुरी में यादव समाज का प्रदर्शन
Mainpuri: जिले में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विवाद तेज हो गया है। सोमवार को यादव समाज के दर्जनों लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और फिल्म के नाम व पोस्टर पर आपत्ति जताते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म का शीर्षक उचित नहीं ठहराया जा सकता है। इससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि फिल्म की कहानी को जिस तरह प्रचारित किया जा रहा है, वह समाज को गलत तरीके से प्रस्तुत करता है और इससे अनावश्यक विवाद पैदा हो सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फिल्म में एक मुस्लिम युवक और यादव समाज की युवती के प्रेम प्रसंग को कथित तौर पर ‘लव जिहाद’ जैसे संवेदनशील मुद्दे से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। उनका मानना है कि इस तरह की प्रस्तुति सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए ठीक नहीं है।
युवा नेताओं शिवम यादव, सचिन यादव और सिंघम यादव ने कहा कि किसी भी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री को रिलीज से पहले ही रोका जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि फिल्म निर्माताओं को प्रेम कहानी दिखानी है तो शीर्षक ऐसा होना चाहिए जो किसी जाति या समुदाय विशेष से न जुड़ा हो। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया तो आंदोलन को बड़े स्तर पर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक फिल्म का मुद्दा नहीं बल्कि समाज के सम्मान से जुड़ा मामला है।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल एहतियातन तैनात रहा और पूरे समय स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिल्म से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार से कानून-व्यवस्था या सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका होगी तो संबंधित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी। वहीं, यादव समाज के लोगों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों पर ध्यान न दिए जाने पर वे व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Location : Mainpuri
Published : 23 February 2026, 2:50 PM IST
Topics : 'Yadav Ji Ki Love Story' faces controversy before release mainpuri news Mainpuri Police UP News Yadav community protests in Mainpuri