महराजगंज में पुलिस पर उठे सवाल? मुकदमा दर्ज न होने से नाराज वकीलों ने किया चक्का जाम

महराजगंज में मुकदमा दर्ज न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय के सामने फरेंदा-लेहड़ा मार्ग जाम कर दिया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि सड़क पर लटक रहे केबल तार से हुए हादसे के मामले में पुलिस ने शिकायत के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। जानिए पूरा मामला।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 August 2026, 4:45 PM IST

Maharajganj : मुकदमा दर्ज न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने बुधवार दोपहर करीब तीन बजे फरेंदा-लेहड़ा मार्ग को दीवानी न्यायालय के सामने जाम कर दिया। अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। करीब 40 मिनट तक सड़क जाम रहने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

केबल तार में फंसकर हुआ था हादसा

मामला दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता आशुतोष गिरि के पिता दीनदयाल गिरि से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त की शाम दीनदयाल गिरि अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से मंदिर दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर लटक रहे अज्ञात कंपनी के केबल तार में स्कूटी फंस गई, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दीनदयाल गिरि और उनकी पत्नी घायल हो गए। दीनदयाल गिरि को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने उनका उपचार कराया।

महराजगंज में तहसील व्यवस्था पर बड़ा सवाल, निजी हाथों में सरकारी काम और दस्तावेज सौंपने का आरोप

तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप

घटना के बाद अधिवक्ता आशुतोष गिरि ने 22 अगस्त को फरेंदा थाने में तहरीर देकर अज्ञात केबल कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि सड़क पर लटक रहे केबल तार के कारण हादसा हुआ और संबंधित कंपनी की लापरवाही से यह घटना हुई।

अधिवक्ता का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया, जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ गया।

अधिवक्ताओं ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका रास्ता

बुधवार को अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय के सामने वाहन और बैरिकेडिंग लगाकर फरेंदा-लेहड़ा मार्ग पर आवागमन रोक दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत की।

आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

अधिवक्ताओं ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग रखी। थानाध्यक्ष ने जल्द मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने करीब 40 मिनट बाद जाम समाप्त कर दिया। जाम खुलने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई और वाहनों का आवागमन शुरू हो गया।

प्रदर्शन में ये अधिवक्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान अनिल पासवान, सुनील मणि, ओमकार मौर्य, अमित कुमार, अतुल पाठक, रत्नेश त्रिपाठी, हरिओम श्रीवास्तव, संग्राम, शशांक त्रिपाठी, महिमा पाठक, सिमरन यादव, दिव्या और गंगा पासवान सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  26 August 2026, 4:43 PM IST